विदिशा जिले के 7 सबस्टेशनों में 10 कैपेसिटर बैंक, बिजली की वोल्टेज स्थिरता में मिलेगी मदद,


विदिशा। जिले की बिजली पारेषण व्यवस्था में वोल्टेज स्थिरता बनाए रखने के लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 7 सबस्टेशनों में 120 एमवीएआर क्षमता के 10 कैपेसिटर बैंक संचालित हैं। इनसे बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने में मदद मिल रही है।

लटेरी समेत 7 सबस्टेशनों पर व्यवस्था

जिले में 220 केवी के गंजबासौदा और विदिशा सबस्टेशन सहित 132 केवी के सहरवासा, लटेरी, शमशाबाद, ग्यारसपुर और सिरोंज सबस्टेशनों में ये कैपेसिटर बैंक लगाए गए हैं। इनका उपयोग विद्युत प्रणाली में रिएक्टिव पावर की आवश्यकता पूरी करने और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव कम करने के लिए किया जाता है।

प्रदेश में 750 कैपेसिटर बैंक चालू

एमपी ट्रांसको के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान में कुल 750 कैपेसिटर बैंक संचालित हैं। इनकी कुल स्थापित क्षमता 9,383.5 एमवीएआर है। कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में अब तक 29 नए कैपेसिटर बैंक स्थापित कर चालू किए हैं।

पुराने बैंकों की जगह लगाए नए उपकरण

कंपनी के मुख्य अभियंता टेस्टिंग एम.वाई. मंसूरी के मुताबिक, उपयोगी आयु पूरी कर चुके 52 पुराने कैपेसिटर बैंकों को बदलकर अधिक क्षमता वाले नए बैंक लगाए गए हैं। इससे रिएक्टिव पावर कंपनसेशन क्षमता में 309 एमवीएआर की वृद्धि हुई है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सबस्टेशनों में आवश्यकता के अनुसार कैपेसिटर बैंक लगाए जा रहे हैं। इनसे वोल्टेज स्थिरता, पावर फैक्टर और विद्युत पारेषण प्रणाली की दक्षता बेहतर बनाए रखने में सहायता मिलती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ