गंजबासौदा। बिजली बिल में सुधार की शिकायत पर विद्युत विभाग ने कार्रवाई करते हुए उपभोक्ता कमला बाई के बिल में 4,647 रुपए का समायोजन किया है। यह कार्रवाई बासौदा शहर वितरण केंद्र के वार्ड क्रमांक 14 स्थित दुर्गा नगर की शिकायत पर की गई।
उपभोक्ता की ओर से हरिराम कुशवाह ने बिजली बिल में सुधार के लिए आवेदन दिया था। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। जांच में सामने आया कि वर्तमान में परिसर में कोई दुकान या व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं हो रही है। यहां बिजली का उपयोग घरेलू काम और प्रकाश व्यवस्था के लिए किया जा रहा है।
18 महीने के बिल की हुई जांच
उपभोक्ता ने बताया कि पहले परिसर में छोटी दुकान संचालित होती थी, जिसे बाद में बंद कर दिया गया। वर्ष 2024 में भी करीब चार महीने तक दुकान चली थी। विभाग ने संबंधित दस्तावेजों, पंचनामा और बिलिंग रिकॉर्ड की जांच की। इसके बाद पिछले 18 महीने के बिजली बिल में नियमानुसार सुधार की पात्रता पाए जाने पर 4,647 रुपए का समायोजन किया गया।
विद्युत विभाग के अनुसार, उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर निराकरण करना प्राथमिकता है। पात्र मामलों में नियमों के तहत राहत दी जाती है।




0 टिप्पणियाँ