दशहरा आयोजन से पहले जैन कॉलेज मैदान पहुंचे अधिकारी, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा,


विदिशा। दशहरा पर्व पर रावण दहन के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में वरिष्ठ अधिकारियों ने जैन कॉलेज मैदान (दशहरा मैदान) का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल का भ्रमण कर श्रद्धालुओं और नागरिकों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी, एसडीएम मनीष जैन, नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, सीएमओ दुर्गेश ठाकुर, रक्षित निरीक्षक नीरज सिंह सिकरवार, यातायात प्रभारी आशीष राय और रामलीला समिति के सचिव डॉ. अनिल शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन और पुलिस विभाग आयोजन के दौरान नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए समन्वय के साथ तैयारियों में जुटे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ