कैथा में भक्ति की गंगा बही: हनुमान जी स्वामी मंदिर में भागवत महायज्ञ का भव्य समापन, विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब


रीवा। यज्ञों की पावन स्थली कैथा स्थित हनुमान जी स्वामी मंदिर प्रांगण में सोमवार (7 सितंबर) को श्रीमद्भागवत भक्ति ज्ञान महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ 7 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का भव्य समापन हुआ। समापन के अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे (महाप्रसाद) में क्षेत्र भर से उमड़े श्रद्धालुओं के जनसैलाब ने पंगत में बैठकर सात्विक प्रसाद ग्रहण किया और बजरंगबली की कृपा का आशीर्वाद लिया।
सुबह से शाम तक रहा भक्तिमय माहौल
31 अगस्त से प्रारंभ हुआ यह पावन अनुष्ठान सोमवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। मंदिर प्रांगण सुबह से ही भक्तों की भीड़ से गुंजायमान रहा। देर शाम तक अनवरत चलने वाले इस महाप्रसाद में कैथा सहित आसपास के दर्जनों गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरा क्षेत्र सुबह से शाम तक 'जय श्री राम' और 'जय हनुमान जी' के जयघोष के साथ भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। व्यवस्थापन समिति ने भंडारे की व्यवस्था इतनी सुचारु रखी कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

आयोजक शिवानंद द्विवेदी ने जताया आभार
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संयोजक एवं प्रचारक शिवानंद द्विवेदी ने मंदिर समिति, सभी निष्ठावान सेवादारों और क्षेत्र की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "श्रद्धालुओं के अतुट सहयोग, दान-पुण्य और अपार श्रद्धा के कारण ही यह महायज्ञ और विशाल भंडारा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सका। यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का जीता-जागता उदाहरण है।"

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ