₹68 में खरीदी शक्कर अब ₹52 में बिक रही, कारोबारियों को ₹16 किलो तक नुकसान
इंदौर। बीते 20 दिनों में शक्कर के भाव में रिकॉर्ड तेजी के बाद अब अचानक रिकॉर्ड मंदी देखने को मिल रही है। इस अवधि में जहां हाजिर बाजार में शक्कर के दाम करीब ₹21 प्रति किलो बढ़े थे, वहीं मंगलवार तक भाव में ₹18 प्रति किलो की गिरावट आ चुकी है। तेजी के दौरान ऊंचे भाव पर खरीदी गई शक्कर अब कम कीमत पर डिलीवर होने से कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
कारोबारियों के मुताबिक, ₹68 किलो में खरीदी गई शक्कर अब करीब ₹52 किलो के भाव पर पहुंच गई है। ऐसे में स्टॉक रखने वाले व्यापारियों को प्रति किलो करीब ₹16 तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्राहकों के लिए शक्कर के दामों में आई यह गिरावट राहत देने वाली है, लेकिन कारोबारियों के लिए यह बड़ा झटका साबित हो रही है।
सरकार को रखना चाहिए कीमतों पर अंकुश
इंदौर के व्यवसायी आनंद खंडेलवाल का कहना है कि सरकार को कीमतों में होने वाले अचानक उतार-चढ़ाव पर अंकुश रखना चाहिए। किसी भी वस्तु के भाव में एकदम से इतनी तेजी या गिरावट नहीं होनी चाहिए। इससे कारोबारियों के बीच आपसी विश्वास भी प्रभावित होता है। वर्तमान में ऊंचे भाव पर खरीदी गई शक्कर कम दाम पर डिलीवर हो रही है, जिसे संभालना कारोबारियों के लिए मुश्किल हो रहा है।
4000 क्विंटल की स्टॉक लिमिट
शक्कर की कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए देशभर में व्यापारियों और डीलरों के लिए स्टॉक एवं होल्डिंग लिमिट तय की गई है। नया आदेश 30 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत कोई भी शक्कर व्यापारी या डीलर किसी भी स्थान पर 4000 क्विंटल से अधिक शक्कर का स्टॉक नहीं रख सकेगा।
दो घंटे में ₹200 बोरी गिरा भाव, सौदे पर विवाद
सियागंज किराना बाजार में शक्कर के भाव में तेजी से हो रहे बदलाव के कारण रोजाना सौदों को लेकर विवाद की स्थिति बन रही है। कारोबारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह एक ग्राहक ने 30 बोरी शक्कर का सौदा ₹5400 प्रति बोरी के भाव से किया। करीब दो घंटे बाद जब माल की डिलीवरी का समय आया तो भाव ₹200 प्रति बोरी और नीचे आ चुका था। ग्राहक ने डिलीवरी लेने से इनकार कर दिया।
कारोबारियों का कहना है कि लगातार बदलते भाव और आपसी प्रतिस्पर्धा से बाजार का माहौल प्रभावित हो रहा है। तेजी के बाद आई अचानक मंदी ने विशेष रूप से ऊंचे भाव पर स्टॉक करने वाले व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।




0 टिप्पणियाँ