शाजापुर में दूध और डेयरी उत्पादों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, 5 फर्मों से 9 नमूने जांच के लिए भेजे



शाजापुर। जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने विशेष निगरानी अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल तथा जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त टीम ने पांच प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए नौ खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी एम.के. वर्मा ने बताया कि स्टेशन रोड स्थित महेश दूध डेरी से भैंस के दूध और दही, आदर्श कॉलोनी की नित्यानंद डेरी से मिश्रित दूध, मक्सी स्थित श्रीधी मिल्क के स्टोर-गोदाम से स्किम्ड मिल्क पाउडर और बटर तथा श्री कृष्ण डेयरी, झोकर से भैंस के दूध का नमूना लिया गया। इसके अलावा एफएसएसएआई के निर्देश पर श्रीनाथ एजेंसी से तंदूरी वेज मेयोनेज़ और रियल मेयोनेज़ के दो नमूने भी संग्रहित किए गए। सभी नौ नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
अभियान के दौरान टीम ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए। दुकानों में खाद्य सामग्री ढककर रखने, गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग ढक्कनयुक्त डस्टबिन रखने, प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने, केवल फूड ग्रेड पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों में तंबाकू का इस्तेमाल न करने, एक्सपायरी उत्पादों का भंडारण या बिक्री नहीं करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। साथ ही खाद्य लाइसेंस दुकान पर प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ