आनंदपुर। उनासी कला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तीतरवर्री चक में सोमवार सुबह बकरा-बकरियां चराने गए 12 वर्षीय बालक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में एक बकरे की भी मौके पर मौत होने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तीतरवर्री चक निवासी धर्मराज (12) सोमवार सुबह बकरा-बकरियां चराने के लिए गया था। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। घटना सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सरकारी बिजली के खंभे से लोगों के घरों तक जा रही विद्युत लाइन के तार कई स्थानों से क्षतिग्रस्त बताए जा रहे हैं। इन्हीं में से एक स्थान पर तार कथित रूप से फेंसिंग के संपर्क में आ गया, जिससे फेंसिंग में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से बालक धर्मराज और एक बकरे की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों और विद्युत लाइन में हुई खराबी की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।परिजनों को घटना की सूचना नहीं: ग्रामीणों के अनुसार, मृतक धर्मराज के पिता राजस्थान के सीकर में मजदूरी का काम करते हैं और फिलहाल वहीं हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद भी खबर लिखे जाने तक मृतक के माता-पिता दोनों को घटना की सूचना नहीं दी गई थी।




0 टिप्पणियाँ