लटेरी विदिशा। लटेरी उपजेल में न्यायिक अभिरक्षा में बंद एक 46 वर्षीय विचाराधीन बंदी की गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बंदी को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल विदिशा रेफर किया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सिरोंज थाना क्षेत्र के बागरौदा गांव का निवासी था और हत्या के एक प्रकरण में पिछले करीब चार माह से न्यायिक अभिरक्षा में लटेरी उपजेल में निरुद्ध था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। प्रारंभिक उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, बंदी को रास्ते में ही गंभीर स्थिति हो गई थी। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि मृत्यु के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच जारी है।




0 टिप्पणियाँ