भोपाल में फर्जी लोकेशन से लग रही थी अटेंडेंस, सीएमएचओ की बड़ी कार्रवाई


दो डॉक्टर और एक कर्मचारी का वेतन कटा, कारण बताओ नोटिस जारी

भोपाल। स्वास्थ्य विभाग के सार्थक ऐप के माध्यम से दूरस्थ स्थानों से उपस्थिति दर्ज किए जाने का मामला सामने आने के बाद सीएमएचओ भोपाल ने सख्त कार्रवाई की है। नियमित समीक्षा के दौरान अनियमितताएं मिलने पर दो डॉक्टरों और एक कर्मचारी का वेतन काटने के साथ ही उन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सीएमएचओ कार्यालय द्वारा सार्थक ऐप की समीक्षा के दौरान पाया गया कि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शक्ति गोलाइत ने माह के लगभग आधे दिनों में कार्यस्थल से दूर रहकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इतना ही नहीं, कई बार चेक-आउट भी नहीं किया गया। मामले को गंभीर मानते हुए सीएमएचओ ने उनके 15 दिन के वेतन की कटौती के आदेश जारी किए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि बांडेड डॉक्टर डॉ. अभिप्शा शर्मा करीब 8.5 किलोमीटर दूर से चेक-इन और चेक-आउट कर रही थीं। वहीं कर्मचारी हेमलता मालवीय द्वारा भी लगभग 10 किलोमीटर दूर से उपस्थिति दर्ज किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों का एक माह का वेतन काटने के आदेश जारी किए गए। साथ ही दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सार्थक ऐप के माध्यम से कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपस्थिति संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ