मुरवास (विदिशा)। मुरवास थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में पिछले छह माह से फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुलिस ने ₹5 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस के अनुसार, 6 दिसंबर 2025 को थाना मुरवास में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास की धाराएं बढ़ाई गईं। इसके बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
30 जून 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम भीला निवासी 50 वर्षीय इदरीश खां को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी लक्ष्मण डावर के नेतृत्व में गठित टीम ने की।




0 टिप्पणियाँ