आनंदपुर। पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के आदेश तथा एसडीओपी लटेरी के निर्देशन में शुक्रवार को थाना आनंदपुर पुलिस द्वारा ग्राम निशोबर्री में नशा मुक्ति अभियान 2.0 के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशा न करने देने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही आश्वस्त किया गया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यक्रम में लगभग 50 से 60 ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान थाना प्रभारी राकेश रघुवंशी, आरक्षक विजय एवं दीपक सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहयोग सबसे महत्वपूर्ण है और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




0 टिप्पणियाँ