लटेरी-सिरोंज में अवैध बूचड़खानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 2 बूचड़खाने और 3 मीट दुकानें सील

लटेरी | जीव-जंतु कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य एवं कामधेनु आयोग के अध्यक्ष राम रघुवंशी के एक दिवसीय दौरे के दौरान मंगलवार को प्रशासन ने अवैध बूचड़खानों और मीट दुकानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। लटेरी तहसील के मुरवास और सिरोंज में संचालित दो अवैध बूचड़खानों सहित सिरोंज की तीन मीट दुकानों को नियमों के उल्लंघन पर सील कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान मुरवास में एक बूचड़खाना बिना वैध अनुमति के संचालित मिलता पाया गया, जिस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। इसके बाद टीम सिरोंज पहुंची, जहां जांच में अनियमितताएं मिलने पर तीन मीट दुकानों को भी सील किया गया। वहीं नगर पालिका द्वारा संचालित एक बड़े बूचड़खाने पर भी ताला लगाकर उसका संचालन बंद करा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
दौरे के दौरान राम रघुवंशी ने गंजबासौदा और गुलाबगंज का भी निरीक्षण किया। हालांकि यहां मीट मार्केट बंद मिले। उन्होंने कहा कि पशु क्रूरता और अवैध बूचड़खानों का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पशु संरक्षण कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। अवैध बूचड़खानों का संचालन केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण, जैव-सुरक्षा और मानवीय मूल्यों से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ