विदिशा। जिले में मिलावटी एवं अवमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर सहित जिले के विभिन्न आइसक्रीम विक्रेताओं और किराना दुकानों पर निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रामलीला चौराहा स्थित भैरोनाथ आइसक्रीम का निरीक्षण कर मावा और बादाम शेक के नमूने संग्रहित किए। संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तायुक्त सामग्री के उपयोग के निर्देश दिए गए। इसके बाद महल घाट रोड स्थित बालाजी आइसक्रीम पर कार्रवाई करते हुए मावा और फालूदा के नमूने लिए गए।
टीम ने संचालक को अखाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने, डीप फ्रीजर की नियमित सफाई रखने और ताजा आइसक्रीम व फालूदा बेचने के निर्देश दिए।
वहीं गंजबासौदा स्थित जय श्रीराम किराना से कस्टर्ड पाउडर, हल्दी पाउडर और बेसन के नमूने लिए गए। ग्यारसपुर तहसील के मनोरा स्थित सुनील किराना से भी रवा का नमूना जांच के लिए एकत्रित किया गया।
सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अवमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।




0 टिप्पणियाँ