आनंदपुर। थाना ऊनारसी कला क्षेत्र के सावनखेड़ी गांव में शादी में शामिल होने जा रही एक महिला से मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने तीन लोगों पर हमला कर जेवरात छीनने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गुना जिले के पारूआ गांव की रहने वाली महिला रविवार दोपहर काला देव गांव में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। रास्ते में वह सावनखेड़ी में पानी पीने के लिए रुकी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उससे विवाद कर मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने अभद्रता करते हुए उसके साथ हाथापाई की और इस दौरान उसके कीमती जेवरात लूट लिए। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला और आरोपियों के बीच झगड़ा होता दिखाई दे रहा है।
महिला ने लटेरी थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।




0 टिप्पणियाँ