ट्यूबवेल बंद, अस्पताल में पानी का संकट: मरीज-स्टाफ परेशान, BMO ने फोन तक नहीं उठाया



आनंदपुर (विदिशा)। आनंदपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। अस्पताल परिसर में लगे ट्यूबवेल से पानी नहीं आने के कारण यहां पदस्थ डॉक्टर, स्टाफ और इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में लाखों रुपए की लागत से पानी ठंडा रखने के लिए फ्रीजर तो खरीदा गया है, लेकिन उसमें पीने का पानी भरने की व्यवस्था ही ठीक से काम नहीं कर रही है। ऐसे में मरीजों और अस्पताल स्टाफ को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में लगे ट्यूबवेल में तकनीकी खराबी के कारण पानी नहीं आ रहा है। ट्यूबवेल पर ढक्कन लगा हुआ है और लंबे समय से उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। हालात यह हैं कि अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर को अपने पीने के पानी की व्यवस्था पास के शिव मंदिर से लाइन जोड़कर करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह पर पानी जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही समस्या और विकराल हो गई है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या की ओर जनप्रतिनिधियों का भी ध्यान नहीं है। यदि समय रहते ट्यूबवेल की मरम्मत और पानी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में अस्पताल में पानी का भीषण संकट खड़ा हो सकता है।
इस संबंध में जब लटेरी के बीएमओ अभिषेक उपाध्याय से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन ही नहीं उठाया। ऐसे में समस्या को लेकर विभाग की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल में ट्यूबवेल को जल्द ठीक कराकर पीने के पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों और अस्पताल स्टाफ को राहत मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ