लटेरी में गाय के अवशेष मिलने से तनाव, विरोध प्रदर्शन के चलते नेशनल हाईवे एक घंटे जाम

लटेरी। रविवार सुबह सिरोंज रोड पर गाय के अवशेष मिलने की घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया। सुबह करीब 6 बजे गुप्ता नाश्ता भंडार के पास सड़क पर अलग-अलग हालत में पड़े अवशेष देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही लोगों में नाराजगी बढ़ गई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही प्रदर्शन शुरू हो गया। सुबह से जारी विरोध प्रदर्शन ने करीब 11:30 बजे तक सिरोंज रोड पर चक्काजाम का रूप ले लिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर बाजार बंद कराया। दोपहर करीब 2 बजे प्रदर्शनकारी गाय के अवशेष ठेले पर रखकर सिरोंज चौराहे स्थित नेशनल हाईवे पर पहुंच गए और वहां करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति को गंभीर होता देख पुलिस और प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि रात 3 बजकर 56 मिनट पर एक ट्रक से गाय की टक्कर हुई थी। पुलिस के अनुसार, हादसे में गाय ट्रक की चपेट में आने के बाद कुछ दूरी तक घिसटती चली गई, जिससे उसके अवशेष सड़क पर फैल गए।
इधर, प्रदर्शन के दौरान हिंदू संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। विशेष रूप से अहमद कॉलोनी क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच पर जोर दिया गया। व्यापारियों ने भी विरोध के समर्थन में बाजार बंद रखा।
करीब ढाई बजे विधायक प्रतिनिधि अत्तू भंडारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर ट्रक की जांच सहित सभी पहलुओं पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीओपी अमरेश बोहरे ने भी निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ। पूरे घटनाक्रम के दौरान लटेरी, आनंदपुर, उनारसीकलां, मुरवास, सिरोंज और शमशाबाद से पुलिस बल तैनात रहा।
पूर्व में भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
क्षेत्र में इससे पहले भी इस तरह के विवादित मामले सामने आ चुके हैं। सितंबर में सिरोंज के दीपनाखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रुसल्ली हाट में बीफ पार्टी का मामला सामने आया था, जिसमें एक महिला सहित 11 लोगों पर केस दर्ज किया गया था। वहीं दिसंबर में पथरिया थाना क्षेत्र में एक यात्री बस से गौमांस जब्त किया गया था, जिसकी पुष्टि के बाद बस चालक, कंडक्टर समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित ट्रक व अन्य तथ्यों की पड़ताल जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ