MP News: एमपी में बनेगा नया जिला ! इस तहसील को जिला बनाने की मांग तेज
MP News: मध्यप्रदेश में एक बार फिर जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील को जिला बनाने की मांग जोर पकड़ती दिख रही है। करीब दो दशकों से चल रहा यह आंदोलन अब निर्णायक चरण में पहुंचता नजर आ रहा है।
पूर्व प्रचारक का अन्न सत्याग्रह शुरू
मांग को मजबूती देने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचारक प्रमोद साहू ने अन्न त्याग कर अन्न सत्याग्रह शुरू कर दिया है। इससे पहले कालभैरव चौक मंदिर में सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
क्रमिक भूख हड़ताल जारी
पुराने बस स्टैंड स्थित धरना स्थल पर लोग लगातार क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि सरकार लगातार सिहोरा की अनदेखी कर रही है और जनता अब किसी भी त्याग के लिए तैयार है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द फैसला नहीं लिया गया, तो 9 दिसंबर से अन्न के साथ जल त्याग कर आमरण सत्याग्रह शुरू किया जाएगा।
उनका साफ कहना है — “संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक सिहोरा को उसका हक, जिला दर्जा, नहीं मिल जाता।”
खून के दीयों से किया था विरोध
गौरतलब है कि इसी वर्ष अक्टूबर में भी ‘लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति’ की अगुवाई में सैकड़ों नागरिकों ने अपने खून से 101 प्रतीकात्मक दीये जलाकर विरोध जताया था। आंदोलनकारियों ने कहा था कि यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के प्रति त्याग, समर्पण और प्रेम की अभिव्यक्ति है।
जनता में आक्रोश, सरकार की नज़र
शहर भर में जिला न बनने को लेकर भारी जनाक्रोश व्याप्त है। लोगों की मांग है कि प्रशासन सिहोरा की भौगोलिक, जनसंख्या और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए तत्काल जिला का दर्जा प्रदान करे।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार इस तेज होते जन आंदोलन पर क्या फैसला लेती है।




0 टिप्पणियाँ