आनंदपुर में विराट हिन्दू सम्मेलन, हजारों की मौजूदगी कलश यात्रा से शुरुआत, भंडारे के साथ कार्यक्रम संपन्न

आनंदपुर में विराट हिन्दू सम्मेलन, हजारों की मौजूदगी
कलश यात्रा से शुरुआत, भंडारे के साथ कार्यक्रम संपन्न
आनंदपुर। सकल हिन्दू समाज आनंदपुर के तत्वावधान में गुरुवार को विराट हिन्दू सम्मेलन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्रभर से हजारों की संख्या में हिन्दू समाजजन पहुंचे। कार्यक्रम में सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित जैसे विषयों पर वक्ताओं ने विचार रखे।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में हिन्दू समाज को जाति, वर्ग और संगठन से ऊपर उठकर एकजुट होने की आवश्यकता है, ताकि सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं की रक्षा की जा सके।
संत-महात्माओं और समाजसेवियों ने कहा कि हिन्दू समाज की परंपरा सर्वे भवन्तु सुखिनः की रही है, लेकिन बदलते दौर में सामाजिक जागरूकता और संगठन जरूरी हो गया है। युवाओं से नशा, सामाजिक कुरीतियों और विघटनकारी प्रवृत्तियों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।
छात्रों की प्रस्तुतियों ने दिया सामाजिक संदेश
सरस्वती ज्ञान मंदिर मिडिल स्कूल आनंदपुर के छात्र-छात्राओं ने सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर नाटक प्रस्तुत कर बच्चों और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को दिखाया। वहीं आक्षिका एकेडमी हाई स्कूल आनंदपुर के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति, हेलमेट से सुरक्षा और जातिवाद से होने वाले नुकसान पर प्रस्तुति देकर जागरूकता का संदेश दिया।
स्वदेशी अपनाने और पॉलिथीन छोड़ने की अपील

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरएसएस के विभाग प्रचारक सौरभ सिंह ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर दिया और पॉलिथीन से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी दी। इस मौके पर संत महेश्वर दास महाराज, महंत गंज हनुमान मंदिर बासौदा और सत्यनारायण जी गिरी (पचमढ़ी) विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही। अंत में विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ