धार्मिक एवं सामाजिक समरसता पर वक्ताओं ने दिया जोर
शुभम सोनी लटेरी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल प्रखंड लटेरी की ओर से सरस्वती शिशु मंदिर में रविवार को त्रिशूल दीक्षा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संयोजक अवधेश तिवारी ने त्रिशूल दीक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदू समाज सदैव शांति एवं समरसता में विश्वास रखता है, लेकिन धर्म की रक्षा के लिए एकजुट रहना भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने जनसंख्या असंतुलन को लेकर केंद्र सरकार की जनसंख्या नीति संबंधी चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा—
“वो दो और उनके 25… और हम दो और हमारे 2 से काम नहीं चलेगा।”
उन्होंने कहा कि समाज का संतुलन बनाए रखने के लिए जनसंख्या नियंत्रण हर वर्ग पर समान रूप से लागू होना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित ‘बाबरी’ नामक मस्जिद के मुद्दे पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि “अब वह समय नहीं है कि हम चुप बैठ जाएं। आवश्यकता पड़ने पर बजरंग दल, आरएसएस और सभी हिंदू संगठन मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।”
पचमढ़ी आश्रम के महंत सतनारायण गिरी महाराज ने भी शस्त्र-शास्त्र दोनों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए सजग एवं संगठित रहना समय की मांग है।
उद्बोधन के पश्चात नगर में विशाल शौर्य यात्रा निकाली गई, जिसमें संपूर्ण प्रखंड के गांवों से आए कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के दौरान जयघोष और धार्मिक नारों से नगर का वातावरण धर्ममय हो गया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों में विभाग संयोजक सचेंद्र यादव, विभाग सामाजिक समरसता प्रमुख राकेश सक्सेना, जिला अध्यक्ष मुकेश सेन, जिला मंत्री अभिषेक शर्मा, जिला सहमंत्री सुरेंद्र श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष हरिशंकर झा, जिला संयोजक जगदीश शाक्य, जिला प्रचार प्रसार प्रमुख सत्यम दुबे आदि शामिल रहे।
प्रखंड स्तर से प्रखंड अध्यक्ष रवि शंकर शर्मा, उपाध्यक्ष रामवीर गौर, संयोजक उमेश शर्मा, सह संयोजक सचिन नायक, प्रखंड सुरक्षा प्रमुख ऋतिक प्रजापत, गौ रक्षा प्रमुख नमन बघेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह के सफल आयोजन हेतु समिति ने सभी आगंतुकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।




0 टिप्पणियाँ