वन विकास निगम लटेरी की बड़ी कार्रवाई — 100 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण मुक्त


रेंजर नवीन भारद्वाज के नेतृत्व में वन निगम की सख्त कार्यवाही, अतिक्रमणकारियों के कब्जे से 100 हेक्टेयर भूमि मुक्त

5 मार्च 2025 को की गई थी प्रारंभिक बेदखली कार्रवाई

लटेरी (विदिशा)। वन विकास निगम लटेरी द्वारा ग्राम सगड़ा स्थित कंपार्टमेंट नंबर 362 में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 100 हेक्टेयर शासकीय वन भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। यह कार्रवाई रेंजर नवीन भारद्वाज के नेतृत्व में बीते दो दिनों से लगातार जारी रही।

जानकारी के अनुसार, निगम की उक्त भूमि पर कई अतिक्रमणकारियों ने 2 से 20 बीघा तक के हिस्सों पर खेती कर रखी थी, जिन पर 5 मार्च 2025 को ही बेदखली की कार्रवाई की जा चुकी थी। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा चोरी-छिपे दोबारा फसल बोई गई थी।

इसकी जानकारी मिलते ही वन विकास निगम ने 6 जेसीबी मशीनें, 2 ट्रैक्टर एवं अन्य संसाधनों की मदद से फसलों को नष्ट कर भूमि को पुनः खाली कराया। कार्रवाई में शमशाबाद व मुरवास पुलिस बल, लटेरी पुलिस, नाकेदार, चौकीदार एवं मीडिया प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

रेंजर नवीन भारद्वाज ने बताया कि यह मुहिम वन भूमि को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए चल रही है और अन्य क्षेत्रों — तिलोनी, नागौरी, बरखेड़ा झूकर, रेंगना, रतनगढ़, शहरखेड़ा, दनवास आदि में भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे वन विभाग को सहयोग दें ताकि निगम की सभी भूमियों को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त किया जा सके।

रेंजर भारद्वाज ने यह भी बताया कि पूर्व में शहरखेड़ा व रतनगढ़ क्षेत्रों से भी निगम भूमि खाली कराई जा चुकी है तथा उन जगहों पर कंटीली पौध, बबूल व अन्य वनस्पतियों का रोपण किया गया है ताकि पुनः अतिक्रमण न हो सके।

साथ ही अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में पुनः किसी ने वन भूमि पर कब्जा किया, तो उसके विरुद्ध और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेंजर नवीन भारद्वाज,
वन विकास निगम लटेरी, जिला विदिशा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ