थाना आनंदपुर में "रन फॉर यूनिटी" का सफल आयोजन
राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौह पुरुष सरदार पटेल को दी गई श्रद्धांजलि
आनंदपुर। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को प्रदेशभर में "राष्ट्रीय एकता दिवस" मनाया गया। इसी क्रम में थाना आनंदपुर द्वारा "रन फॉर यूनिटी" (Run for Unity) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम प्रातः 8:00 बजे बापचा रोड से प्रारंभ हुआ और लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तक उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी, थाना आनंदपुर पुलिस स्टाफ, ग्राम चौकीदार, ग्राम रक्षा समिति के सदस्य तथा गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी उप निरीक्षक अनुज प्रताप सिंह दांगी द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं भाईचारे का संदेश दिया तथा समाज में सौहार्द और शांति बनाए रखने का आव्हान किया।
थाना प्रभारी श्री दांगी ने अपने संबोधन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सरदार पटेल ने देश की अलग-अलग रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया।
"रन फॉर यूनिटी" कार्यक्रम का उद्देश्य देश में एकता, अखंडता एवं समरसता की भावना को सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने देश की एकता के लिए संकल्प लिया और सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।




0 टिप्पणियाँ