त्योहारी सीजन में मावा-पनीर पर सख्त निगरानी — खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई, नमूने जांच हेतु भेजे गए

विदिशा, 06 अक्टूबर 2025।
त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिलेभर में मावा एवं दुग्ध उत्पाद विक्रेताओं की दुकानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती एडलिन ई. पन्ना के नेतृत्व में सोमवार को तिलक चौक स्थित गुरुकृपा दुकान, निकासा रोड दुबे मार्केट स्थित नित्या ट्रेडर्स, माधवगंज स्थित शर्मा मावा विक्रेता एवं श्याम डेयरी, तथा बाल विहार स्थित शर्मा ड्राई फ्रूट सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नित्या ट्रेडर्स से मावा एवं पनीर के नमूने, जबकि श्याम डेयरी से मावा, पनीर, दही एवं घी के नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को भेजे जा रहे हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सभी खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी कि वे मिलावटी या नकली मावा का विक्रय न करें तथा अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के मानक बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें और संदिग्ध उत्पादों की जानकारी तुरंत खाद्य विभाग को दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ