भोपाल में पहली बार पंचमुखी श्यामा काली बड़ी अम्मा की भव्य स्थापना

भोपाल। करुणाधाम आश्रम परिसर में सोमवार को एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज हुआ, जब पहली बार शहर में 21 फुट ऊँची पंचमुखी श्यामा काली बड़ी अम्मा की प्रतिमा विराजमान की गई। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु उमड़े और धार्मिक उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

प्रतिमा स्थापना यात्रा का शुभारंभ प्लैटिनम प्लाज़ा से हुआ, जो मैनिट चौराहा और वैशाली नगर होते हुए आश्रम पहुँची। लगभग सात हजार श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल रहे। नरसिंहगढ़ का प्रसिद्ध बारेलाल बैंड अपनी धुनों से वातावरण को गुंजायमान करता रहा। वहीं, अघोरी वेशभूषा में कलाकारों ने आग उगलने की कला से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और फायर शो ने यात्रा को और आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह तथा विधायक भगवान दास सबनानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। आश्रम प्रमुख सुदेश शांडिल्य महाराज की धर्मपत्नी श्रीमती ममता शांडिल्य ने पूजा-अर्चना कर भक्तों का स्वागत किया और प्रतिमा का विधिवत अनावरण संपन्न कराया।

स्थानीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने वाला यह आयोजन न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बना, बल्कि भोपाल के धार्मिक इतिहास में भी स्वर्ण अक्षरों से दर्ज हो गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ