विदिशा ज़िले के आनंदपुर क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। गोलाखेड़ा, बापचा, महोटी, बनारसी काला और काला देव सहित कई ग्रामों में मक्का और सोयाबीन की फसलें 60 से 80 प्रतिशत तक बर्बाद हो गई हैं।
बनारसी गाँव के किसान रवि बना ने बताया कि इस बार की बारिश ने उनकी मेहनत चौपट कर दी है। उन्होंने कहा कि “किसान अपनी फसल के सहारे ही जीवन-यापन करता है, लेकिन भारी बारिश ने उसके जीवन पर संकट खड़ा कर दिया है।”
गोलाखेड़ा के किसान देवेंद्र अहिरवार का कहना है कि उन्होंने मक्का की फसल बोई थी, लेकिन अचानक हुई तेज़ बारिश और जलभराव से पूरी फसल तबाह हो गई है।
भारी बारिश से खेतों में पानी भरने के कारण फसलें सड़ने लगी हैं। किसानों की माने तो उनकी साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया है और अब घर चलाना व अगली फसल की तैयारी करना बेहद कठिन हो गया है।
इस गंभीर संकट को देखते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन दिया है कि किसानों के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे शीघ्र कराकर किसानों को राहत पहुँचाई जाए।
ग्रामीणों और किसानों को अब शासन-प्रशासन से मदद की उम्मीद है, ताकि वे इस आपदा से उबर सकें और आगामी सीजन की खेती की तैयारी कर सकें।




0 टिप्पणियाँ