विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशों पर जिले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों व खाद्य सामग्री विक्रेताओं का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को कुरवाई में बड़ी कार्रवाई सामने आई।
संयुक्त दल ने बीना रोड स्थित आदिश्वर पेट्रोलियम एवं पानबाई एनर्जी स्टेशन का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान पेट्रोल, डीजल और एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल के स्टॉक का सत्यापन एवं घनत्व परीक्षण किया गया। साथ ही पंपों पर पेयजल, शौचालय और हवा की सुविधाओं की जांच भी की गई।
निरीक्षण में आदिश्वर पेट्रोलियम का स्टॉक बोर्ड अद्यतन नहीं पाया गया, जबकि पानबाई एनर्जी स्टेशन के डीजल स्टॉक में तय सीमा से अधिक अंतर मिला। इस पर टीम ने 27,803 रुपए मूल्य का 303.86 लीटर डीजल जप्त कर कार्रवाई की।
निरीक्षण दल में कुरवाई के नायब तहसीलदार देवदीप सिंह, सहायक आपूर्ति अधिकारी बासौदा पिंकी शाक्य और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी कुरवाई वैशाली दांगी शामिल रहे।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अनिल तंतुवाय ने बताया कि इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




0 टिप्पणियाँ