आनंदपुर काछीखेड़ा। ग्राम खेजड़ाहाली से मजराचक्क होकर काछीखेड़ा तक बनाए गए ग्रेवल रोड में खुलेआम धांधली और भ्रष्टाचार सामने आया है। ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में भारी अनियमितताएं की गई हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सड़क के दोनों ओर बड़ी-बड़ी खंतियां खोद दी गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार ने सड़क निर्माण के नाम पर अवैध तरीके से मिट्टी, मोरम और पत्थर पास के ही खेत-खलिहानों से जेसीबी से निकालकर सड़क पर डाल दिए।
पहली ही बारिश में सड़क जगह-जगह से बह गई और धंस गई। ग्रामीण बताते हैं कि कुल चार पुलियों का निर्माण दिखाया गया, लेकिन कई जगह पर पुरानी पुलियों को ही लीपापोती करके नया बताकर दिखा दिया गया। अब कई पुलियाएँ क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। वहीं कई जगह अधूरी ही पुलिया छोड़ दी गई है और वहीं अगर थोड़ा सा भी पानी इस मुरम पर गिर जाता है तो लोगों को फिसलन चालू हो जाती है जिससे कि लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है जिससे कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है
गांव में स्वीकृति का बोर्ड तो लगाया गया है, लेकिन उसमें योजनागत जानकारी तक नहीं भरी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से ये सब किया गया है। अधिकारियों ने खुली लापरवाही बरती और निगरानी के नाम पर खानापूर्ति की।
ग्रामीणों का दर्द
गांव के निवासी खिलान सिंह अहिरवार का कहना है कि रोड पर मिट्टी डाली गई है, जिससे बरसात में कीचड़ और पानी भराव की समस्या बढ़ गई। पुलियों से पानी निकासी के लिए डाले गए पोंगा भी ठेकेदार के लोगों ने निकाल लिए। शिकायत करने पर सिर्फ एक ट्रॉली गिट्टी डालकर काम चलाया गया, जिसके कारण अब उनके घरों में पानी भर रहा है।
वहीं शिव प्रकाश का आरोप है कि ठेकेदार ने सड़क के लिए पास से ही मिट्टी खोदकर डाली और पुलियों को नया बताकर धोखा किया। इसी रास्ते से हमारे बच्चे स्कूल जाते हैं और थोड़ी ही बारिश में निकलना मुश्किल हो जाता है
ग्रामीणों का कहना है कि यह भ्रष्टाचार अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से हुआ है। आर.ई.एस. विभाग की देखरेख में निगरानी की गई, लेकिन हकीकत में केवल खानापूर्ति कर दी गई है
इनका कहना
आपके माध्यम से जानकारी मिली है मैं जाकर देखा हूं
राहुल धाकड़
प्रभारी एसडीओ
ग्रामीण यंत्रिकी विभाग




0 टिप्पणियाँ