प्राथमिकता से पूरा हो सुरभि गौशाला का निर्माण : संभागायुक्त संजीव सिंह



भोपाल। संभागायुक्त श्री संजीव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बरखेड़ी अब्दुल्ला स्थित सुरभि गौशाला का निर्माण कार्य प्राथमिकता से और समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि गौशाला मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यों में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

संभागायुक्त श्री सिंह कमिश्नर कार्यालय सभाकक्ष में सुरभि गौशाला के निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य योजनाबद्ध और गुणवत्तायुक्त तरीके से हो तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे ताकि किसी भी स्तर पर बाधा न आए।
बैठक में जानकारी दी गई कि गौशाला का प्रथम चरण का निर्माण 14 करोड़ 48 लाख रुपए की लागत से दिसंबर 2025 तक पूरा किया जाएगा। इस चरण में 2,000 गायों को रखने की व्यवस्था होगी। इसके लिए चार शेड बनाए जाएंगे, प्रत्येक शेड में 500 गाय रखी जा सकेंगी। बीमार गायों के लिए दो विशेष शेड होंगे जिनमें एक आईसीयू और एक जनरल वार्ड तैयार होगा। इसके अलावा चारा शेड, बछड़ा शेड, पानी की टंकी, संपबेल, ऑफिस और निवास भवन भी बनाए जाएंगे।

संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गौशाला संचालन की पूर्व-तैयारियां अभी से शुरू करें। गायों के भोजन की आपूर्ति के लिए टेंडर प्रक्रिया सहित सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जाएं।

इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त (विकास) श्री विनोद यादव, स्वामी अच्युतानंद महाराज, एमपीईबी, पीएचई, नगर निगम, स्मार्ट सिटी, वेटनरी एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ