विदिशा में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की सख्ती: त्यौहारों से पहले मावा सहित कई खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने

विदिशा, 5 अगस्त। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।

आज के निरीक्षण में विदिशा स्थित रामजी मिठाईवाला (राजीव नगर), गुरुनानक स्टोर (तिलक चौक), और भावसार स्वीट्स (पीतल मिल चौराहा) का निरीक्षण किया गया। तिलक चौक स्थित गुरुनानक स्टोर से मावा, पनीर, सोनपपड़ी, गुलाब जामुन मिक्स और नमकीन मिक्सचर के नमूने लिए गए। वहीं, भावसार स्वीट्स से मावा, मिल्क केक, मगज के लड्डू और हल्दीराम रसगुल्ला सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने संग्रहित किए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सभी प्रतिष्ठानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी प्रकार की मिलावटी खाद्य सामग्री का निर्माण या विक्रय न करें। साथ ही खाद्य निर्माण स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य निर्माताओं को एप्रन व हेडकेप पहनने, अखबार में खाद्य सामग्री न परोसने तथा समोसा, कचौरी जैसी सामग्री को दोने में देने के स्पष्ट निर्देश भी दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की यह सघन कार्यवाही संपूर्ण जिले में लगातार जारी है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ