भोपाल दुग्ध संघ ने दूध क्रय दरों में दूसरी बार की ऐतिहासिक वृद्धि, दुग्ध उत्पादकों में खुशी की लहर

भोपाल। भोपाल दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध समितियों के दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। संघ ने दूध क्रय दरों में दूसरी बार ऐतिहासिक वृद्धि करते हुए 01 सितंबर 2025 से दूध क्रय दर ₹840 प्रति किलोग्राम फैट निर्धारित की है। यह संघ के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक दर है।

संघ द्वारा दर वृद्धि और निर्धारित तिथियों (03, 13 और 23 तारीख) को नियमित भुगतान सुनिश्चित करने से दुग्ध उत्पादकों एवं पशुपालकों में उत्साह का माहौल है। दर वृद्धि से दुग्ध उत्पादकों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा और पशुपालन व्यवसाय की ओर उनकी रुचि भी और अधिक बढ़ेगी।

मध्यप्रदेश सहकारी दुग्ध महासंघ के प्रबंध निदेशक डॉ. संजय गोवानी ने बताया कि राज्य सरकार एवं राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के बीच हुए सहकार्यता अनुबंध के अंतर्गत इस वर्ष संघ के कार्यक्षेत्र में 1000 नई दुग्ध समितियों का गठन किया जा रहा है। वहीं भोपाल दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रीतेश जोशी ने कहा कि इस पहल से लगभग 25 हजार पशुपालकों को संघ से जोड़ा जाएगा और वे सीधे इस वृद्धि का लाभ प्राप्त करेंगे।

दूध क्रय दर वृद्धि पर सभी दुग्ध उत्पादकों और समितियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे संघ के इतिहास का अभूतपूर्व निर्णय बताया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ