दीपावली पर विदिशा में 1 करोड़ गौमय दीपक निर्माण की पहल


विदिशा। गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विदिशा जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दीपावली पर्व के अवसर पर जिले की गौशालाओं से 1 करोड़ गौमय दीपक निर्माण की अपेक्षा की गई है।

इस पहल के संबंध में जिला कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने बताया कि गौमय दीपक न केवल गौशालाओं की आय वृद्धि का माध्यम बनेंगे, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होंगे।

पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग के उप संचालक डॉ. एन.के. शुक्ला ने जानकारी दी कि दीपक निर्माण हेतु इच्छुक गौशाला संचालकों को प्रशिक्षण, कच्चा माल, मिश्रण बनाने का फार्मूला और दीपक निर्माण के सांचे प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही तैयार दीपकों के विपणन और विक्रय में भी सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर ने सभी गौशाला संचालकों से अनुरोध किया है कि वे शीघ्र अपनी सहमति उपलब्ध कराएँ और अपने ग्राम पंचायतों के स्व-सहायता समूहों को भी इस अभियान से जोड़कर व्यापक पैमाने पर दीपक निर्माण कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

यह पहल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दृष्टि को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ