मध्यप्रदेश सरकार का ऐलान: अंगदान और देहदान करने वाले नागरिकों को मिलेगा सम्मान

भोपाल, 1 जुलाई 2025 —मध्यप्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण और सराहनीय निर्णय लेते हुए अंगदान और देहदान करने वाले नागरिकों को सम्मानित करने का ऐलान किया है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ऐसे नागरिकों के पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनके महान कार्य और समाज के प्रति उनके योगदान की स्मृति में दिया जाएगा।

राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अंगदान अथवा देहदान करने वाले नागरिकों के दान के उपरांत उनके परिजनों को 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। यह व्यवस्था मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा क्रमांक डी 0513 के पालन में लागू की जा रही है।

सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव श्री सचिन राव द्वारा जारी पत्र में सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों तथा पुलिस आयुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य अंगदान और देहदान जैसे महान कार्यों को प्रोत्साहित करना और समाज में इस विषय पर जागरूकता बढ़ाना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल राज्य में अंगदान और देहदान की दर को बढ़ाने में मददगार होगी और अनगिनत मरीजों को नया जीवन देने का मार्ग प्रशस्त करेगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ