लटेरी (विदिशा), 18 जुलाई 2025: लटेरी थाना क्षेत्र के सोजनीखेड़ा जंगल में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले को लटेरी पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान संजू लोधी (निवासी लोधी मोहल्ला, मधुसूदनगढ़, जिला गुना) के रूप में हुई है, जिसकी बेरहमी से हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया था।
दिनांक 15 जुलाई 2025 की सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि सोजनीखेड़ा के जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। थाना लटेरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पाया गया कि शव सड़-गल चुका था तथा चेहरा और हाथ पत्थरों से कुचले गए थे। मृतक की टूटी-फूटी मोटरसाइकिल (MP 40 MD 9363) भी पास में मिली। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होने पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(a), 61(2)(a) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तेज़ जांच
पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी लटेरी श्री अमरेश कुमार बोहरे के निर्देशन में थाना प्रभारी जय कुमार सिंह द्वारा एक संयुक्त टीम गठित की गई। इस टीम में एफएसएल, डॉग स्क्वॉड, साइबर सेल और अन्य तकनीकी इकाइयों को शामिल किया गया।
तकनीकी जांच से मिले सुराग
सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मृतक की अंतिम लोकेशन के आधार पर दो संदिग्ध — संजय कुशवाहा और धीरज कुशवाहा (दोनों निवासी लोधी मोहल्ला, मधुसूदनगढ़) — को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया।
हत्या का कारण और वारदात का तरीका
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संजय कुशवाहा का मृतक संजू लोधी से पैसों का पुराना विवाद था। संजय ने 2000 रुपये चुका दिए थे, लेकिन मृतक द्वारा बार-बार पैसों की मांग और धमकी मिलने से परेशान होकर उसने अपने साथी धीरज के साथ मिलकर संजू को जंगल में बीयर पिलाई। फिर बीयर की बोतल, छुरी और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए चेहरा और हाथ बुरी तरह कुचल दिए गए तथा उसका मोबाइल भी तोड़ दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. संजय कुशवाहा, पिता रमेश कुशवाहा, उम्र 19 वर्ष
2. धीरज कुशवाहा, पिता काशीराम कुशवाहा, उम्र 18 वर्ष
(दोनों निवासी — लोधी मोहल्ला, मधुसूदनगढ़, जिला गुना)
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी लटेरी उनि. जय कुमार सिंह, उनि. बी.एल. सिलोरिया, साइबर सेल से उनि. गौरव रघुवंशी, प्र.आर. पवन जैन, आर. दिलीप धाकड़, सैनिक नंदकिशोर लोधी, सैनिक कमल सिंह, थाना मुरवास से उनि. राजेश मिश्रा एवं स्टाफ, आर. प्रिंस देवलिया, थाना उनारसीकलां से उनि. गोसिया सुल्तान मय स्टाफ, प्र.आर. कुलदीप चंदेल और आर. मोहित की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जनता में विश्वास बढ़ा
लटेरी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझाने पर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को इस कार्य के लिए बधाई दी है।




0 टिप्पणियाँ