टीएल बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर कलेक्टर सख्त, वेतन कटौती के निर्देश

विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सोमवार को आयोजित टीएल बैठक में जिले में लंबित आवेदनों की गहन समीक्षा की। इस बैठक में अनुपस्थित पाए गए जिला योजना अधिकारी का आज का वेतन काटने के निर्देश उन्होंने जिला कोषालय अधिकारी को दिए। बैठक कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में आयोजित की गई, जिसमें जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खंड स्तरीय अधिकारियों से भी संवाद किया गया।

बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की समय पर खुलने और बच्चों को शासकीय सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं या नहीं, इसकी औचक जांच के निर्देश सभी एसडीएम को दिए। साथ ही उन्होंने पटवारियों से सप्ताह में एक दिन आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कराने की बात भी कही।

कलेक्टर ने ऐसे बच्चों का स्कूलों में अनिवार्य रूप से दाखिला सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जो छह वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। वहीं, गरीब बच्चों के लिए आश्रम शालाओं में प्रवेश की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए।

बैठक में श्री गुप्ता ने सौ दिन से अधिक समय से लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। सीमांकन संबंधी शिकायतों पर भी तत्परता से कार्यवाही के निर्देश सभी एसडीएम और तहसीलदारों को दिए गए।

न्यायालयीन प्रकरणों में जवाब प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने हेतु सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि न्यायालय में दाखिल प्रत्येक उत्तर की प्रति जिला कार्यालय को भी दी जाए।

आवास योजनाओं से संबंधित लंबित आवेदनों के शीघ्र समाधान के निर्देश जिला पंचायत और जनपद पंचायत के सीईओ को दिए गए ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।

श्री गुप्ता ने प्रत्येक माह की 10 तारीख को सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान कार्यक्रम आयोजन के निर्देश दिए, साथ ही उनके समस्त देयों का भुगतान सेवानिवृत्ति तिथि से एक दिन पूर्व सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की समग्र आईडी को आधार से लिंक कराने, समय पर ई-केवाईसी कराने एवं डिजिटल ई-फॉर्म के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए। उचित मूल्य दुकानों के नियमित निरीक्षण के लिए रोस्टर बनाकर एसडीएम को सौंपने के भी निर्देश जारी किए गए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोड़िया, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ