विदिशा, 18 मई। वन मंडल अधिकारी विदिशा श्री हेमंत यादव ने आज रेंज विदिशा के अंतर्गत तेंदूपत्ता समिति पुरा के फड़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तेंदूपत्ता संग्रहण एवं कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके उपरांत श्री यादव ने वन क्षेत्र में वन्यजीवों के लिए विकसित किए जा रहे झरिया निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री यादव ने रेंज ऑफिसर विदिशा को निर्देशित किया कि पलाश के पत्तों से दोना और पत्तल निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि इस नवाचार से न केवल स्थानीय वन समितियों को रोजगार मिलेगा, बल्कि शासकीय योजनाओं में पर्यावरण के अनुकूल सामग्री के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। विदिशा जिले की विभिन्न शासकीय योजनाओं में तेंदूपत्ता समिति द्वारा निर्मित दोना-पत्तल का वितरण किया जाएगा।
निरीक्षण के समय परिक्षेत्र अधिकारी श्रीमती पिंकी रघुवंशी सहित अन्य वन अमला भी उपस्थित रहा। श्री यादव ने उपस्थित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




0 टिप्पणियाँ