सेवा और संस्कारों का केंद्र बनेगा विश्व हिंदू परिषद का नया जिला कार्यालय - मिलिंद परांडे

गंजबासौदा। बालाजी नगर स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर के पास नव निर्मित विश्व हिंदू परिषद के जिला कार्यालय "अशोक भवन" का लोकार्पण बुधवार को विधिवत कन्या पूजन और शिलापट्ट अनावरण के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित भव्य सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि यह भवन महान हुतात्मा अशोक सिंघल के नाम पर निर्मित हुआ है और आने वाले समय में यह सेवा और संस्कारों का केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि इस कार्यालय से सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा, जिसका लाभ हिंदू समाज को मिलेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व केंद्रीय सह मंत्री राजेश तिवारी ने कहा कि यह भवन निश्चित रूप से हिंदुत्व की विचारधारा को सशक्त करने और समाज जागरण का कार्य करेगा। प्रांत मंत्री राजेश जैन ने बताया कि इस कार्यालय की भूमि स्व. प्रेमवती तिवारी की पुण्य स्मृति में राजेश तिवारी द्वारा दान की गई है।

इस अवसर पर नौलखी खालसा के श्री महंत राम मनोहर दास महाराज ने स्व. अशोक सिंघल के योगदान को याद करते हुए कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन को उन्होंने नई दिशा दी, जिसका परिणाम आज अयोध्या में राम मंदिर के रूप में हमारे सामने है।

मंच पर महंत महेश्वर दास त्यागी, क्षेत्र संगठन मंत्री जितेंद्र पंवार, प्रांताध्यक्ष के. एल. शर्मा, प्रांत समरसता प्रमुख सुनील यादव, जिलाध्यक्ष संदीप नेमा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अभिषेक शर्मा गुरूजी ने किया और विभाग विशेष संपर्क प्रमुख नितिन सक्सेना ने आभार प्रदर्शन किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ