उमंग 2025’ समर कैंप में एसपी रोहित काशवानी ने बच्चों से की मुलाकात, व्यवस्थाओं और गतिविधियों का लिया जायजा

विदिशा, मध्यप्रदेश – विदिशा पुलिस एवं जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर ‘उमंग 2025’ जिले में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ जारी है। एक मई से 31 मई 2025 तक चलने वाले इस नि:शुल्क शिविर में बड़ी संख्या में बच्चे भाग ले रहे हैं और विविध गतिविधियों के माध्यम से सीखने और विकास का अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।

आज पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने शिविर स्थलों का निरीक्षण कर समर कैंप में शामिल बच्चों से संवाद किया और विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। बच्चों ने अपनी पसंदीदा गतिविधियों और शिविर से प्राप्त सीख को आत्मविश्वास के साथ साझा किया।

‘ब्राइटर मन’ कार्यक्रम में भाग ले रहे बच्चों से एसपी काशवानी ने विशेष चर्चा की, जिसमें बच्चों ने साइबर सुरक्षा, व्यवहारिक ज्ञान और व्यक्तित्व विकास से संबंधित विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बच्चों की जागरूकता और प्रस्तुति की सराहना की।

एसपी श्री काशवानी ने कहा,
“‘उमंग 2025’ केवल एक मनोरंजन शिविर नहीं, बल्कि यह बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर नागरिक बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल है। यह शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास का माध्यम बन रहा है।”

शिविर की प्रमुख गतिविधियां:

आउटडोर: हॉकी, फुटबॉल, ताइक्वांडो, कुश्ती, मल्लखंब, लॉन टेनिस, एथलेटिक्स
इनडोर: पेंटिंग, डांस, ज़ुम्बा, स्केटिंग, सिलाई-कढ़ाई, मेहंदी, टेबल टेनिस, कराटे
विकासात्मक प्रशिक्षण: साइबर जागरूकता, अनुशासन, टीम वर्क अभ्यास

शिविर स्थल:
पुलिस लाइन ग्राउंड एवं सामुदायिक भवन
जिला स्टेडियम, विदिशा

विदिशा पुलिस की यह अभिनव पहल न केवल खेलों और रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों को जोड़ रही है, बल्कि उन्हें समाज का सजग, सुरक्षित और सशक्त नागरिक बनाने की दिशा में भी प्रेरित कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ