पार्टी विरोधी बयान पर लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस ने थमाया कारण बताओ नोटिस, 10 दिन में मांगा स्पष्टीकरण

शुभम सोनी भोपाल मध्यप्रदेश। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह को पार्टी विरोधी और राहुल गांधी के खिलाफ बयानबाजी करना महंगा पड़ सकता है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी और प्रभारी हरीश चौधरी की अनुशंसा पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने लक्ष्मण सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नोटिस में कहा गया है कि लक्ष्मण सिंह के सार्वजनिक बयानों से पार्टी की छवि और अखंडता को गंभीर नुकसान पहुंचा है। खासतौर पर उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रति जो अपमानजनक और असम्मानजनक टिप्पणी की, वह स्वीकार्य सीमाओं से परे है।

10 दिन में मांगा जवाब

कांग्रेस पार्टी की अनुशासन समिति के सदस्य सचिव तारिक अनवर की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि लक्ष्मण सिंह को इस पत्र की प्राप्ति के 10 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देना होगा। यदि वे निर्धारित समय में जवाब नहीं देते हैं तो माना जाएगा कि उनके पास अपने बचाव में कहने के लिए कुछ नहीं है, और फिर पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी।

पार्टी में बढ़ता असंतोष

लक्ष्मण सिंह पहले भी पार्टी के नेतृत्व को लेकर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाते रहे हैं, लेकिन इस बार राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को नाराज़ कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी इस मसले को गंभीर अनुशासनहीनता के तौर पर देख रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ