बरेली। आगामी 30 अप्रैल, अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर सर्व सरकार महासंगठन के तत्वावधान में शुभानंद मैरिज गार्डन में निशुल्क सामूहिक विवाह एवं स्वर्णकार समाज का भव्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं।
आयोजन समिति के पदाधिकारी विभिन्न जिलों—होशंगाबाद, जबलपुर, सिवनी, पिपरिया, छिंदवाड़ा, हरदा, टिमरनी, बैतूल, मंडला और डिंडोरी—का दौरा कर आमंत्रण पत्र वितरित कर रहे हैं एवं समाज बंधुओं को कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
वरिष्ठ समाजसेवी सुदामा प्रसाद सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि सामूहिक विवाह पूरी तरह निशुल्क रहेगा, जिसमें वर-वधु पक्ष से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह आयोजन सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक बनेगा।
सम्मेलन में बुंदेलखंडी, क्षत्रिय मेढ़, क्षत्रिय माहौर, मालवी, मेवाड़ मेढ़, क्षत्रिय पुरनिया, अयोध्या वासी, सरयू वासी सहित देश व प्रदेश के विभिन्न स्वर्णकार समाज के बंधु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
आयोजन समिति ने प्रचार-प्रसार और संपर्क अभियान को गति देते हुए हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देना प्रारंभ कर दिया है। समाज में उत्साह का वातावरण है और यह आयोजन सामाजिक एकता का अद्वितीय उदाहरण बनने जा रहा है।




0 टिप्पणियाँ