विदिशा । कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के द्वारा आगामी दिनों में दीपावली के त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए विदिशा जिले में संचालित होने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों से किसी भी प्रकार से मावा और मिठाइयों में कोई मिलावट ना हो का विशेष ध्यान रखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, निरीक्षण और सैंपल लिए जाने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। प्राप्त निर्देशों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों की टीम द्वारा जिले में सतत कार्यवाहियां जारी हैं।
विदिशा कलेक्टर के निर्देश पर आज नायब तहसीलदार श्री खान एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती एडलिन ई पन्ना की संयुक्त टीम ने राजस्थान स्वीट्स के कारखाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबार कर्ता को निर्देश दिए गए हैं कि मिठाई का निर्माण साफ-सफाई से करें और किसी भी प्रकार की कोई मिलावट ना करें।
विदिशा नगर में स्थित राजस्थान स्वीट्स के कारखाने से आज मावा, बंगाली मिठाई का नमूना जांच हेतु एकत्रित किया गया है तथा नगर के वैशाली नगर वेदांश इंटरप्राइजेस से आकाश ब्रांड के बेसन लड्डू, रसगुल्ला, नमकीन सेव, बिस्किट इत्यादि के नमूने जांच हेतु एकत्रित किए गए हैं। इन सभी सैंपलों को जांच परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाने की कार्यवाही की गई है।
जिले के सभी खाद्य कारोबार कर्ता को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना खाद्य पंजीयन लाइसेंस के व्यापार ना करें। खाद्य सामग्री को ढंक कर रखें, मिलावटी मावे का विक्रय ना करें तथा साफ सफाई से खाद्य पदार्थों और मिठाइयों का निर्माण करें ।




0 टिप्पणियाँ