लटेरी विकासखंड का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण लापरवाही मिलने पर की कार्रवाई

अनुपस्थित शिक्षक का एक दिन का वेतन रोकने तथा उपयंत्री का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश 

आंगनबाडी केन्द्र के मेन्यु में सब्जी शामिल नहीं होने पर समूह के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश 
विदिशा। जिला कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने आज विदिशा जिले के लटेरी विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामो में भ्रमण कर शासकीय योजनाओं व विकास कार्यो का औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान उन्होंने लटेरी जनपद पंचायत के ग्राम बलरामपुर के स्कूल और आंगनबाडी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों से प्रश्न भी पूछे। बलरामपुर की माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए शिक्षक जगदीश शर्मा को एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए है तथा स्कूल में विद्युत वायरिंग मीटर से ठीक तरह से नही पाए जाने पर लटेरी जनपद के उपयंत्री उदयकांत शर्मा का एक माह का वेतन रोकने व नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है। साथ ही कलेक्टर द्वारा बलरामपुर की माॅडल आंगनबाडी केन्द्र का भी अवलोकन किया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाडी केन्द्र में बिजली व्यवस्थाओं में अनियमितता पाए जाने पर लाइट लगाने, टूटे हुए पंखो को बदलने के निर्देश दिए है तथा आंगनबाडी में तैयार होने वाले भोजन व्यवस्था तथा भोजन की गुणवत्ता को भी जांचा है उन्होंने खाने के मेन्यु में सब्जी नहीं देने वाले समूह के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। आंगनबाडी केन्द्र के अवलोकन के दौरान बतलाया गया कि केन्द्र में 60 बच्चे दर्ज है मौके पर 15 बच्चे ही उपस्थित पाए गए थे। 

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने लटेरी में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ऐजेन्सियों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए है। लटेरी एसडीएम श्रीमती अनुभा जैन को नियमित निरीक्षण की व्यवस्थाएं क्रियान्वयन कराने के निर्देश दिए है। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने लटेरी स्थित प्रदेश का एक मात्र पैक्स वेयर हाउस का निरीक्षण कर उपार्जन कार्याे सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

गोबर गैस प्लांट का अवलोकन -
 
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने लटेरी भ्रमण के दौरान ग्राम मुरवास में गोबर गैस प्लांट का अवलोकन किया है इस दौरान हितग्राही जमीर खाॅन ने बताया कि 40 हजार की लागत से बने इस गोबर गैस प्लांट प्रारंभ हो जाने के उपरांत उन्हें आज तक गैस की टंकी खरीदने की नौबत नहीं आई है। उन्हें बढिया खाद और गोबर गैस दोनो ही इस प्लांट से उपलब्ध हो रहे है। इसके अलावा कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम मुरवास में ग्रामीण नागरिको से रू-ब-रू होकर उनकी समस्याओं को भी जाना है समस्याओं के निराकरण के लिए उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देशित भी किया। इस दौरान ग्राम के सचिव को पंचायत की आमदनी बढाने के लिए विशेष पहल करने के निर्देश दिए है। मुख्य मार्ग पर होने के बावजूद भी ग्राम पंचायत की वार्षिक आमदनी 12 हजार रूपए है जो की बहुत कम है। 

अस्पताल का निरीक्षण -
 
कलेक्टर  रौशन कुमार सिंह ने लटेरी अस्पताल में आमजनो को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया है। उन्होंने यहां अस्पताल के विभिन्न वार्डो में क्या व्यवस्था की गई है कितने पलंग मरीजो के लिए उपलब्ध है को जाना है। उन्होंने अस्पताल परिसर की निगरानी के लिए सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए सीसी टीव्ही कैमरो की माॅनिटरिंग व्यवस्था का अवलोकन कर इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए है। साथ ही साथ उन्होंने दवा वितरण कक्ष में पहुंचकर मरीजो को निःशुल्क प्रदाय होने वाली दवाओं की जांच की है। उन्होंने दवाओं की एक्सपायरी डेट का परीक्षण कर एक्सपायरी डेट की दवाओं को नष्ट करने के निर्देश दिए है।  

उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण -
 
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने लटेरी में शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने उचित मूल्य दुकान में भण्डारित अनाज की गुणवत्ता को परखा तथा संबंधित अधिकारियों को उचित मूल्य दुकान से प्रतिमाह वितरित होने वाले राशन के भण्डारण एवं वितरण के संबंध में निर्देश देते हुए कहा है कि पात्रता पर्चीधारियों को समय पर राशन मुहैया हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागो के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ