कार्यकर्ता सम्मेलन में वीडी बोले जनता की संपत्ति पर कांग्रेस को डाका नहीं डालने देंगे

बुरहानपुर/खंडवा । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को बुरहानपुर जिले के नेपानगर, बुरहानपुर और खंडवा जिले के खंडवा में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा का यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है, बल्कि नरेंद्र मोदी को तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से पीएम बनाने का चुनाव है। आज किसान सम्मान निधि और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं की पूरी राशि हितग्राहियों के खातों में आती है, एक रुपया भी दलालों या बिचौलियों के पास नहीं जाता। कांग्रेस को देश की जनता की संपत्ति पर डाका नहीं डालने दिया जाएगा।

केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां लोगों को घर-घर जाकर बताएं
शर्मा ने कहा कि आप सभी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव के लिए पूरी मेहनत और ताकत से काम कर रहे हैं। 13 मई को मतदान के दिन ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने की जिम्मेदारी हर बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख से लेकर हर कार्यकर्ता की रहेगी। घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की उपलब्धियां बताकर भाजपा को वोट देने की अपील करें। डबल इंजन की सरकार में विकास की रफ्तार के साथ सभी समाज वर्ग का कल्याण करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा जाएगा।

पूर्व सीएम उमा भारती ने साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा जो भारत को कई टुकड़ों का ग्रुप बता रहे हैं क्योंकि उनके दिमाग कई टुकड़ों में बटे हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस को भी एक छोटे टुकड़े में बदल दिया है और अब वह टुकड़ा भी इस चुनाव में मोदी जी की आंधी में उड़ जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ