भोपाल । विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची आचार संहिता लागू होने से पहले जारी हो सकती है । पार्टी ने इसकी तैयारी कर ली है । सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ दिल्ली में प्रत्याशी चयन को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे । इसके बाद नाम केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे जाएंगे । पहली सूची में सौ से अधिक सीटों के प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं । उधर , प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने रविवार को कहा कि प्रत्याशियों की सूची तो आती रहेगी , लेकिन जिन्हें चुनाव लड़ाना है , उन्हें हम पहले ही इशारा कर देंगे । सूत्रों के अनुसार पहली सूची में वर्तमान विधायकों के साथ हारी हुई सीटों के कुछ प्रत्याशी घोषित होंगे । इसे लेकर स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र जिला सिंह , सदस्य अजय कुमार लल्लू और सप्तगिरि उल्का अध्यक्ष , प्रभारी , संगठन मंत्री , प्रदेश पदाधिकारी , चुनाव समिति के सदस्यों से चर्चा कर चुके हैं । कमेटी की दो दिन दिल्ली में बैठक भी हो चुकी है ।
शिवराज को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित क्यों नहीं करती भाजपा भाजपा दावा करती है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित की हैं तो फिर उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित क्यों नहीं किया जा रहा है । इसमें क्या परेशानी है । यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कही । साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा से जनता को भ्रमित नहीं कर सकती ।
सभी सदस्यों से अलग - अलग भी समिति ने उनका पक्ष जान लिया है । अब इसे अंतिम रूप दिया जाना है । पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों का कहना है कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के पहले पहली सूची जारी की जा सकती है । भाजपा की दूसरी सूची तैयार : उधर , भारतीय जनता पार्टी की दूसरी सूची भी तैयार है । लगभग 35 प्रत्याशियों के नाम कभी भी घोषित किए जा सकते हैं । इसे लेकर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो चुकी है । बता दें कि पार्टी 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चुकी है ।
0 टिप्पणियाँ