प्रत्याशी चयन को लेकर कांग्रेस की पहली बैठक अगले हफ्ते घोषित हो सकेगी प्रत्याशियों की सूची

भोपाल । कांग्रेस ने भी प्रत्याशी चयन की औपचारिकता शुरू कर दी है । पार्टी की शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में चुनाव समिति की बैठक होने जा रही है । जिसमें चुनाव समिति के अध्यक्ष कमलनाथ सहित 19 सदस्य शामिल होंगे । बैठक में प्रत्याशियों के चयन को लेकर चर्चा होना है । चुनाव समिति का प्रस्ताव केंद्रीय समिति को भेजा जाएगा । इसके बाद केंद्रीय समिति प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाएगी । यह भी संभावना है कि पहली बैठक में कुछ सिंगल नामों के प्रस्ताव पर सहमति बन सकती है । यदि इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं बनी तो कैंडिडेट घोषित करने के लिए उम्मीदवारों के नामों का पैनल स्क्रीनिंग कमेटी और केंद्रीय कार्यालय को भेजा जाएगा । इसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी सर्वे और तमाम रिपोर्ट्स के आधार पर सबसे मजबूत उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगा सकती है । 

भाजपा के कब्जे वाली सीटों पर घोषित होंगे प्रत्याशी

 मप्र की हारी हुई 66 सीटों पर कांग्रेस पहले उम्मीदवार तय करने की तैयारी कर रही है । इन हारी हुई सीटों पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह दौरा करके पीसीसी चीफ कमलनाथ को अपनी रिपोर्ट दे चुके हैं । दिग्गी ने अपनी रिपोर्ट में पिछले चुनावों में हार के कारणों और संभावित मजबूत उम्मीदवारों के नाम भी कमलनाथ को अपनी रिपोर्ट में दिए हैं । कमलनाथ ने भी इन नामों और सर्वे में सामने आए नामों की क्रॉस मैचिंग कराई है । अब इन सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी में हैं ।

 ये हैं चुनाव समिति के पदाधिकारी 
1 अगस्त को बनाई गई मध्य प्रदेश की चुनाव समिति में कमलनाथ को चेयरमैन बनाया गया था । इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह , पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह , पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी , कांतिलाल भूरिया , अरुण यादव , अजय सिंह राहुल , विवेक तन्खा , राजमणि पटेल , नकुल नाथ , सज्जन सिंह वर्मा , विजय लक्ष्मी साधो , तरुण भनोट , ओमकार सिंह मरकाम , सुखदेव पांसे , जीतू पटवारी , कमलेश्वर पटेल को बतौर सदस्य शामिल किया गया है । इस समिति में कांग्रेस के सभी फंटल संगठन के हेड भी सदस्य बनाए गए हैं ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ