भोपाल । पावर सेक्टर में एक नया काम शुरू होने जा रहा है । अब भोपाल समेत देश के कई शहरों में बिजली का होम ऑडिट किया जाएगा । मीटर रीडर्स इसके ब्रांड एम्बेसडर होंगे । इसके पहले चरण में मोबाइल एप भारत स्मार्ट सिर्वसेस के जरिए बिजली की खपत का लेखा - जोखा आसान रखने की सुविधा शुरू की गई है । भोपाल में यह शुरुआत अरेरा कॉलोनी से हो रही है । मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी सहित कई वितरण कंपनियों को एप का डेमो भी दिया गया है । मीटर रीडर्स के लिए अवेयरनेस प्रोग्राम भी किया जा चुका है । एप में होम ऑडिट का ऑप्शन बिल्ट किया गया है । अधिकारियों का कहना है कि तीन महीने के भीतर होम ऑडिट शुरू कर दी जाएगी । भारत स्मार्ट सिर्वसेस टी - हब हैदराबाद स्थित एक स्टार्टअप ( कोरल इनोवेशन ) ने इसका प्रस्ताव कई बिजली कंपनियों को दिया है । यह स्टार्टअप मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी समेत देश में कई डिस्कॉम के साथ संयुक्त रूप से कंज्यूमर एक्सपीरियंस इनहांसमेंट पर काम कर रहा है । नई दिल्ली और तेलंगाना के बाद भोपाल में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है । गूगल प्ले स्टोर से अपने मोबाइल फोन में यह ऐप डाउनलोड करने के बाद उपभोक्ताओं को सिर्फ मीटर का फोटो लेनी होगी । रीडिंग की एंट्री नहीं करनी पड़ेगी । फोटो लेते ही पिछले महीने की रीडिंग और मौजूदा रीडिंग डिस्प्ले हो जाएगी । यह भी मालूम हो जाएगा कि आने वाले दिनों में बिजली की अनुमानित खपत कितनी करनी है । इस ऐप में बिलिंग केलकुलेटर का फीचर भी है । मीटर रीडर उपभोक्ताओं को यह भी समझाएंगे कि ब्यूरो आफ एनर्जी एफिशिएंसी ( बीईई ) की गाइडलाइन के मुताबिक फाइव स्टार रेटिंग बिजली उपकरण ही इस्तेमाल किए जाना चाहिए | मीटर रीडर की डिवाइस एप से जुड़ी रहेगी । वे लोगों को उपकरणों से होने वाली बिजली खपत की जानकारी देंगे । इनसे कैसे , कितनी बचत की जा सकती है , यह भी बताएंगे । पूरा फोकस कार्बन उत्सर्जन कैसे कम करें यानी ग्रीन एनर्जी पर होगा ।
0 टिप्पणियाँ