3 फरवरी को विदिशा में एक लाख से अधिक हितग्राही होंगे लाभांवित
विदिशा । मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत भोपाल , उज्जैन एवं सागर संभाग के जिलो का संयुक्त सम्मेलन विदिशा में तीन फरवरी को आयोजित किया गया है । उपरोक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी द्वारा सिंगल क्लिक से मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के पात्रताधारियों को राशि विदिशा में आयोजित कार्यक्रम स्थल से जारी की जाएगी । नवीनतम लाड़ली बहना योजना की भी जानकारी हितग्राहियों को दी जाएगी । कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने विदिशा में तीन फरवरी को आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की विस्तारपूर्वक जानकारी सोमवार को मीडियाकर्मियों से संवाद कर उन्हें दी है । कलेक्टर ने बताया कि विदिशा जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भोपाल एवं सागर संभाग के हितग्राही मौजूद रहेंगे जबकि उज्जैन संभाग के हितग्राही वर्चुअल कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे । कलेक्टर भार्गव ने आयोजन के मद्देनजर किए जाने वाले प्रबंधो पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कार्यक्रम स्थल पर करीब एक लाख हितग्राही उपस्थित होंगे । हितग्राहियों को लाने ले जाने के प्रबंधो पर भी उन्होंने विस्तारपूर्वक जानकारी दी इसके अलावा कार्यक्रम स्थल नवीन कृषि उपज मंडी मिजार्पुर तक वाहनो के पहुंचने , पार्किंग स्थलों के साथ - साथ इन स्थलों पर अस्थायी शौचालयों , सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यानगत रखते हुए किए जाने वाले प्रबंधों से अवगत कराया । उन्होंने बताया कि उल्लेखित स्थलों पर आयोजन तिथि को मंडी परिसर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेंगी । कलेक्टर भार्गव ने बताया कि मिजापुर स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में 3 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम हेतु किए जाने वाले प्रबंधों जैसे कार्यक्रम स्थल पर हितग्राहियों को पहुंचाने हेतु क्या प्रबंध किए गए हैं के अलावा पार्किंग स्थल , कार्यक्रम के दौरान पेयजल के पुख्ता प्रबंध , पार्किंग स्थल पर तैनात किए जाने वाले कर्मियों , फायर ब्रिगेड समेत मीडिया बंधु हेतु | कार्यक्रम कवरेज हेतु क्या प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं से बखूबी अवगत कराया । कलेक्टर भार्गव ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाना है के अलावा बीस निर्माण कार्य जो 90 करोड़ की लागत से पूर्ण कराए गए है का लोकार्पण सम्पन्न होगा के संबंध में भी कलेक्टर ने मीडिया बंधुओं को जानकारी दी है । कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक डॉ मोनिका शुक्ला ने सुरक्षा की दृष्टि से किए जाने वाले प्रबंधों के साथ - साथ वाहनो की पार्किंग के लिए चिन्हित स्थलों की जानकारी से मीडिया बंधुओं को अवगत कराया । पत्रकार वार्ता के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ . योगेश भरसट , अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह , डिप्टी कलेक्टर आरती यादव एवं मीडिया बंधु मौजूद रहे ।




0 टिप्पणियाँ