निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के प्रति सतर्क रहें अफसर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में जनता का संतोष ही प्राथमिकता सीएम
भोपाल , मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जन कल्याणकारी योजनाओं और विकास गतिविधियों का संचालन पारदर्शिता के साथ समय - सीमा में किया जाए । निर्माण - कार्यों में गुणवत्ता के प्रति सतर्क रहना आवश्यक है । शासकीय गतिविधियों के क्रियान्वयन में अधिकारी - कर्मचारियों के साथ जन - प्रतिनिधि भी सक्रिय भूमिका निभाएँ और जन सामान्य से निरंतर संवाद में रहें । शासकीय कार्यों के प्रति जनता में संतोष का भाव सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है । मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदा जिले को सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में आदर्श जिला बनाना है ।
जिले में शत - प्रतिशत सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है । जल ज्योतिर्मय शिविरों का आयोजन , साइबर सखी योजना , गोंडी एवं कोरकू में पाठ्यक्रम सामग्री विकसित करने , क्लस्टर क्रेडिट केम्प के नवाचार सराहनीय है । आँगनवाड़ियों का संचालन संतोषजनक है । अधिकारी - कर्मचारी तथा जन - प्रतिनिधि समन्वित रूप से प्रयास करते हुए जिले में ऐसी प्रक्रियाएँ स्थापित करें जिसका अन्य जिले भी अनुसरण करें ।
चौहान ने कहा कि जल जीवन मिशन में संचालित गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए । खोदी गई सड़कों के रि - स्टोरेशन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा पानी की संतोषजनक आपूर्ति सुनिश्चित करें । मुख्यमंत्री ने मिशन के कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए । मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि प्रधानमंत्री आवास योजना में आवासों का निर्माण समय पर हो और किश्त जारी करने में बेईमानी या भ्रष्टाचार न हो ।





0 टिप्पणियाँ