==================
कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे की अध्यक्षता में कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव के द्वारा आज बुधवार को सुशासन के नवाचार तहत कुरवाई के जनपद पंचायत स्थित आजीविका मिशन भवन में विधानसभा स्तरीय कार्यों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री भार्गव ने बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद कर बिंदुबार जानकारियां ही प्राप्त नहीं की बल्कि विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न हो रही है तो उसका समाधान भी मौके पर ही किया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय से विकास कार्यों को गति प्रदान करें।
कलेक्टर श्री भार्गव ने कृषि विभाग के खंड स्तरीय अधिकारियों से संवाद कर गत वर्ष तथा इस वर्ष के फसलीय रकबे की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभिन्न फसलों के बढ़े हुए रकबे की जानकारी प्राप्त होने के उपरांत समर्थन मूल्य पर उपार्जन कार्यो को सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश विभागो के जिलाधिकारियों को दिए है।
कलेक्टर श्री भार्गव ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों से स्वीकृत किए गए नवीन सब स्टेशनों को जिन ग्रामों में जगह चिन्हित कर स्थापित किया जाना है उनका कार्य प्रारंभ हुआ है या नहीं की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि कुरवाई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टेकू, लीलाखेड़ी और बरेठ सहित अन्य ग्रामों में सब स्टेशन स्थापित करने का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करें।
कुरवाई विधायक श्री सप्रे ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों से कहा कि विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने का प्लेटफार्म तैयार कराएं इसके पश्चात् फसल कटाई के उपरांत विद्युत पोल गडाने व तार कसने का कार्य किया जाए ताकि आगामी तीन से चार महीने के बीच में विद्युत स्टेशन क्रियाशील हो जाए।
कलेक्टर श्री भार्गव ने कुरवाई विधानसभा क्षेत्र में शासन की महत्वाकांक्षी योजना नल जल योजना अंतर्गत प्रस्तावित व निर्माणाधीन कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं उन्होंने कहा है कि जिन ग्रामों में नल जल योजना अंतर्गत निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं उन्हें प्राथमिकता से पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नल जल योजना अंतर्गत निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाना है उनका भूमि पूजन जनप्रतिनिधियों के द्वारा शीघ्र कराकर निर्माण कार्य प्रारंभ करें। ऐसे क्षेत्र जहां जल स्त्रोतो की समस्या है उन क्षेत्रों के स्थानीय जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर उनके द्वारा बतलाए गए स्थलों पर नवीन बोर खनन की कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर श्री भार्गव ने निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में आंगनबाड़ी भवनों के उन्नयन कार्यों अंतर्गत जिन उन्नयन कार्य प्रारंभ किया जाना था वह शीघ्र ही प्रारंभ करें। साथ ही कलेक्टर श्री भार्गव ने खंड शिक्षा अधिकारी एवं बीआरसी को सख्त निर्देश दिए कि स्कूलों की मरम्मत कार्य हेतु तीन-तीन लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। उन स्कूलों का मरम्मत कार्य प्रारंभ हुआ है कि नहीं एस्टीमेट तैयार किया गया है कि नहीं कि जानकारी प्राप्त कर उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि शीघ्र ही स्कूलों का मरम्मत कार्य प्रारंभ कराकर कंप्लीट करें।
कलेक्टर श्री भार्गव ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व शहरी अंतर्गत संपादित किए जा रहे कार्यों में प्रगति परिलक्षित करने हेतु भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री भार्गव ने स्वास्थ्य, खाद्य, स्कूल शिक्षा, जल संसाधन, राजस्व के अलावा एनएच, आरईएस, पीडब्ल्यूडी एवं पीआईयू के द्वारा संपादित किए जा रहे निर्माण कार्यो की भी गहन समीक्षा की है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh




0 टिप्पणियाँ