वाहनों से हो रही दुर्घटना पर विचार करके रोकने को लेकर बैठक
पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर क्या कार्रवाई हुई है, उस पर चर्चा की गई।
विदिशा शहर में बनेगी मल्टी पार्किंग :जिला सड़क सुरक्षा संसदीय समिति की बैठक लिया गया निर्णय, वाहन हादसों को लेकर हुई चर्चा
विदिशा
=================
सागर सांसद श्री राज बहादुर सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा संसदीय समिति की बैठक नवीन कलेक्ट्रेट के बेतवा सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में वाहन दुघर्टनाओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर क्या कार्रवाई हुई है, उस पर चर्चा की गई।
जिसके बाद बैठक में दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी के बारे में बताया कि जिले के 26 ब्लैक स्पॉट की जानकारी देते हुए, उन स्थानों पर सुधार कार्य कराए जाने, शहर में यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर में ऑटो रिक्शा की संख्या निर्धारित करने, यातायात विभाग को क्रेन व एंबुलेंस उपलब्ध कराने, शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई गल्ला मंडी में ही तुलाई कराने, कोतवाली से तिलक चौक वन वे, शहर में कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, सड़कों पर घूम गए आवारा पशुओं और सड़कों पर मृत जानवरों को जल्द से जल्द से हटाने पर कार्रवाई के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी श्री गिरिजेश वर्मा ने विगत बैठक में लिए गए निर्णयों के संबंध में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक डॉ मोनिका शुक्ला ने दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु तैयार की गई कार्य योजना पटल पर रखी। कार्य योजना के प्रमुख बिंदु तदानुसार, पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित किए गए 26 ब्लैक स्पॉट स्थानों की संबंधित रोड निर्माता एजेंसियों द्वारा जांच कर परिशोधन कराया जाए। विदिशा शहर में पुरानी नगरपालिका के पास मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाने की योजना प्रस्तावित की गई। विदिशा शहर में यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर में ऑटो रिक्शा की संख्या निर्धारित की जाए। यातायात विभाग को क्रेन एवं एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाए। विदिशा शहर में नवीन गल्ला मंडी में ही तुलाई का कार्य किया जाए जो कि वर्तमान में पुरानी गल्ला मंडी में संपादित है। जिसके कारण अतिरिक्त समय लगने से यातायात अवरुद्ध होता है। माधवगंज में लगने वाले हाथठेलों को हटाया गया है जिसे दोबारा ना लगने दिया जाए। कोतवाली से तिलक चौक एकाकीमार्ग किया जाए। विदिशा नगर में सीसीटीवी कैमरे विभिन्न स्थानों पर लगाए गए हैं उसी प्रकार बासौदा नगर में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
इसके अतिरिक्त समिति के विभिन्न सदस्यों द्वारा उठाये गये विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई है। जिनमें विदिशा सागर रोड पर कुआंखेड़ी में गुलाबगंज की ओर जाने वाले मोड़ पर कोंकेव मिरर लगाया जाए। सड़कों पर घूम गए आवारा पशुओं को शिफ्टिंग तथा सड़कों पर मृत जानवरों को अविलम्ब सड़क से हटाने की कार्यवाही की जाए। सड़क सुरक्षा संसदीय समिति में दो एनजीओ सदस्यों को मनोनीत करने पर विचार विमर्श किया गया।
कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव ने बैठक में लिए गए निर्णयों पर संबंधित विभाग द्वारा अविलंब कार्यवाही की जाकर उसका पालन प्रतिवेदन प्रेषित किए जाने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए हैं।
बैठक में सागर सांसद राज बहादुर सिंह विदिशा सांसद श्री रमाकांत भार्गव, विधायक बासौदा श्रीमती लीना जैन के अलावा कलेक्टर एवं समिति के सचिव श्री उमाशंकर भार्गव, पुलिस अधीक्षक डॉ मोनिका शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ डॉक्टर योगेश भरसट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री समीर यादव, एडीएम श्री वृंदावन सिंह, सीएसपी श्री विकास पांडे, सिरोंज एसडीएम श्री प्रवीण प्रजापति, विदिशा एसडीएम श्री गोपाल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अमृता गर्ग, पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री श्री एलएस यादव, विदिशा सीएमओ श्री सीपी राय, मंडी सचिव विदिशा श्री कमल बगरिया, ट्रैफिक सूबेदार श्री आशीष राय, समेत बस यूनियन के प्रतिनिधि श्री तेजेंद्र सिंह बन्नू, ट्रक यूनियन के अध्यक्ष श्री झिरमिल सिंह एवं जिला परिवहन अधिकारी श्री गिरिजेश वर्मा मौजूद रहे।




0 टिप्पणियाँ