आनंदपुर। श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट में आयोजित तीन दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का रविवार देर रात फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हुआ। ‘स्मैश द ब्लाइंडनेस’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में ट्रस्ट के चिकित्सकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और युवाओं सहित 75 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल के माध्यम से लोगों को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और दृष्टि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के बीच विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
फाइनल में विनीत ने नैतिक को हराया
पुरुष एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में विनीत उपाध्याय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नैतिक सेन को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं पुरुष युगल वर्ग में सुमित और करण की जोड़ी ने कड़े मुकाबले में सागर और निखिल की जोड़ी को 2-1 से शिकस्त दी।
महिला वर्ग का फाइनल भी खास रहा। इसमें सगी बहनें उपासना बघेल और आराधना बघेल आमने-सामने थीं। उपासना ने 2-0 से मुकाबला जीतकर महिला वर्ग की चैंपियन ट्रॉफी हासिल की।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। ट्रस्ट की मैनेजिंग डायरेक्टर सुकृत भाई जोबनपुत्रा ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
एक विचार से शुरू हुआ प्रतियोगिता का आयोजन
पुरुष एकल वर्ग के विजेता विनीत उपाध्याय ने बताया कि जब वे पढ़ाई के सिलसिले में ट्रस्ट आते थे, तब यहां के चिकित्सकों और कर्मचारियों को बैडमिंटन खेलते देखते थे। इसी दौरान उनके मन में विचार आया कि ट्रस्ट से जुड़े खेल प्रतिभाओं को एक मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जानी चाहिए।
उन्होंने प्रतियोगिता आयोजित करने का प्रस्ताव मैनेजिंग डायरेक्टर सुकृत भाई जोबनपुत्रा के समक्ष रखा। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
आयोजन के पहले और दूसरे दिन 20-20 मुकाबले, जबकि अंतिम दिन 18 मुकाबले खेले गए। तीन दिनों तक खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों को प्रतिस्पर्धी मंच देने के साथ-साथ नियमित खेल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया।




0 टिप्पणियाँ