विदिशा। स्वामित्व योजना के तहत पट्टे की जमीन की रजिस्ट्री को लेकर प्रशासन और पटवारियों के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। रजिस्ट्री के लिए बुक किए गए स्लॉट को निष्पादित और स्वीकृत नहीं करने के मामले में जिले के 20 से अधिक पटवारियों को सेवा समाप्ति और निलंबन संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं। इसके विरोध में बुधवार को पटवारी संघ ने एसडीएम को प्रमुख सचिव, राजस्व विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा।
संघ ने नोटिस और प्रस्तावित दंडात्मक कार्रवाई को तत्काल वापस लेने की मांग की है। संघ पदाधिकारी मनोज बघेल ने कहा कि यदि कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो 7 अक्टूबर से पटवारी ऑनलाइन राजस्व कार्यों के साथ शासकीय समूहों से भी विरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक दंडात्मक कार्रवाई समाप्त नहीं होती, पटवारी बिना पूर्व सूचना के राजस्व कार्यों से दूरी बनाए रखने के लिए बाध्य होंगे।
1.33 लाख से अधिक पट्टों की रजिस्ट्री प्रस्तावित
जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत कुल 1 लाख 33 हजार 962 पट्टों की जमीन की रजिस्ट्री की जानी है। इनसे जुड़े 1 लाख 72 हजार 498 हितग्राही बताए गए हैं। ई-पोर्टल पर पंचायत सचिवों के माध्यम से अब तक 88 भूखंडों के रजिस्ट्री स्लॉट बुक किए गए हैं। हालांकि, पटवारियों ने इन मामलों में निष्पादक के रूप में स्वीकृति नहीं दी है।
प्रशासन के निर्देश पर असहमति
पटवारी संघ का कहना है कि शासन की ओर से पटवारियों पर दबाव बनाकर पट्टे की जमीन की रजिस्ट्री में निष्पादक की भूमिका निभाने के लिए कहा जा रहा है। संघ इसी प्रक्रिया को लेकर आपत्ति जता रहा है। इसी बीच संबंधित पटवारियों को नोटिस जारी किए जाने से मामला और तूल पकड़ गया है।
तहसीलवार स्थिति
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुरवाई में 12,921 भूखंड और 16,209 हितग्राही हैं, जहां 6 स्लॉट बुक हुए हैं। गुलाबगंज में 7,877 भूखंड और 10,262 हितग्राही हैं, जबकि 3 स्लॉट बुक हुए। ग्यारसपुर में 7,080 भूखंड, 9,322 हितग्राही और 4 स्लॉट, त्योंदा में 8,329 भूखंड, 10,865 हितग्राही और 9 स्लॉट बुक हुए हैं।
नटेरन में 11,296 भूखंड व 14,526 हितग्राही हैं और 4 स्लॉट बुक हुए हैं। पठारी में 5,541 भूखंड, 6,750 हितग्राही तथा 4 स्लॉट, बासौदा में 16,626 भूखंड, 19,975 हितग्राही और 11 स्लॉट बुक हुए हैं।
लटेरी में 11,456 भूखंड और 14,895 हितग्राही हैं, यहां एक स्लॉट बुक हुआ है। विदिशा ग्रामीण में 20,875 भूखंड और 28,277 हितग्राही हैं, जबकि 10 स्लॉट बुक हुए हैं। विदिशा शहरी में 2,460 भूखंड, 3,512 हितग्राही और 5 स्लॉट बुक हुए हैं। शमशाबाद में 8,540 भूखंड, 12,663 हितग्राही और 5 स्लॉट तथा सिरोंज में 19,961 भूखंड, 25,242 हितग्राही और 26 स्लॉट बुक हुए हैं।
दावा यह भी है कि अब तक किसी भी तहसील में बुक किए गए स्लॉट को अप्रूव नहीं किया गया है।




0 टिप्पणियाँ